देश में अब ट्रांसपोर्ट के सारे साधन बंद / ट्रेन और बस के बाद कल रात 12 बजे से घरेलू उड़ानें भी बंद; रोक कब तक रहेगी, सरकार ने यह बताया ही नहीं

नई दिल्ली. कोरोनावायरस के कारण अब पूरे देश में कोई भी आदमी कहीं भी ट्रैवल नहीं कर सकेगा। 19 राज्यों में पूरी तरह और 5 राज्यों में आंशिक लॉकडाउन है। पंजाब, पुड्डूचेरी और महाराष्ट्र में कर्फ्यू है। यानी इन राज्यों की सीमाएं सील हैं और ट्रेनों के साथ-साथ इंटर स्टेट बस सर्विस भी बंद है। लोग कहीं आ-जा नहीं सकते। इस बीच, केंद्र ने आदेश जारी किया है कि मंगलवार रात 12 बजे से सभी घरेलू उड़ानें बंद कर दी जाएंगी। किसी भी यात्री को अपनी मंजिल तक पहुंचना है तो वह कल आधी रात से पहले वहां पहुंच जाए। इसके बाद कोई उड़ान नहीं होगी। सरकार ने एयरलाइन कंपनियों से कह दिया है कि आपकी सभी घरेलू उड़ानें 24 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट तक अपने डेस्टिनेशन पर पहुंच जानी चाहिए। इसके बाद उड़ानें नहीं चलेंगी। सिर्फ कार्गो उड़ानों को इससे छूट रहेगी। देश में हर महीने औसतन 1.3 करोड़ और सालाना 14 करोड़ यात्री घरेलू उड़ानों में सफर करते हैं। इन प्रतिबंधों का मतलब यह है कि बुधवार से देश में ट्रांसपोर्ट पूरी तरह ठप हो जाएगा। 


देश में क्या-क्या बंद?
1. उड़ानें


केंद्र ने 29 मार्च तक सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा रखी है। केंद्र ने सोमवार को सभी घरेलू उड़ानें बंद करने का फैसला लिया है। केंद्र ने कहा कि मंगलवार रात 12 बजे के बाद सभी घरेलू उड़ानें रद्द कर दी जाएंगी। हालांकि, केंद्र ने यह नहीं बताया कि यह रोक कब तक रहेगी।